NMH NEWS नीमच। जिले के हिंगोरिया में विगत दिनों भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा और नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज के लोगों के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा जिलामंत्री रोशन वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाजजनों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते उनके समाज के लोगों के खिलाफ झूठी कार्रवाई की गई। इसी के विरोध में समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष एवं नीमच पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

समाज के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि रोशन वर्मा के समर्थन में सर्व हिंदू समाज के नाम से सौंपे गए ज्ञापन में नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज के बैनर का उपयोग किया गया। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस ज्ञापन और बैनर के इस्तेमाल से नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज का कोई लेना-देना नहीं है। समाज की सहमति के बिना बैनर का उपयोग किए जाने को लेकर पदाधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। समाजजनों का आरोप है कि इस प्रकार बैनर का इस्तेमाल कर समाज को विवाद से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा को तीन दिन के भीतर उनके पद से हटाया जाए। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस पूरे मामले में समाज की भावनाओं और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व को मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। समाजजनों ने नीमच पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि हिंगोरिया विवाद में समाज के लोगों के खिलाफ झूठी कार्रवाई करवाई गई। साथ ही, समाज के बैनर के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए रोशन वर्मा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने और किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से प्रभावित हुए बिना कार्रवाई करने की मांग की है। नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा के खिलाफ तीन दिन में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। समाजजनों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। हिंगोरिया विवाद के बाद अब यह मामला सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर चर्चा का विषय बनता जा रहा है। समाज की ओर से ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद अब सभी की नजरें भाजपा संगठन और पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।