नीमच पुलिस की काॅम्बिंग गश्त में 129 वारंट तामील, 8 गुमशुदा बरामद 

Harish Meena
2 Min Read

NMH NEWS नीमच। जिले में अपराध रोकने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने 31 जनवरी से 1 फरवरी 2025 की रात काॅम्बिंग गश्त चलाई। इस दौरान 129 वारंट तामील किए गए। इनमें 47 स्थायी वारंट, 1 फरारी वारंट और 81 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।  गश्त के दौरान 9 महिला अपराधों के आदतन आरोपियों और 112 गुंडों व निगरानी बदमाशों की जांच की गई। लंबे समय से लापता 8 गुमशुदा लोगों को भी दस्तयाब किया गया। 16 आबकारी अधिनियम के मामलों में 150 लीटर शराब जब्त की गई। इसके अलावा, 3 शस्त्र अधिनियम, 2 जुआ एक्ट और 5 सट्टा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किए गए।  68 होटल, लॉज और ढाबों की भी जांच की गई। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।  पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन, जावद एसडीओपी निकिता सिंह और जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने इसमें भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि फरार आरोपियों और अनैतिक गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को दें। सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा और पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment